असम में भाजपा और हिमाचल राजस्थान में कांग्रेस का क्लीन स्वीप,बंगाल में तृणमूल ने जीती सभी सीटें

संवाद सहयोगी | पब्लिक एशिया
Updated: 02 Nov 2021 , 22:22:30 PM
  • Share With



नयी दिल्ली।असम में विधानसभा की पांच सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और गठबंधन सहयोगी ने सभी सीटें जीत ली है, वहीं हिमाचल प्रदेश में लोकसभा की एक तथा विधानसभा की तीन सीटों के उपचुनावों में कांग्रेस ने सभी चार सीटें जीत कर राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा को करारी शिकस्त दी है।

कांग्रेस ने राजस्थान में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए धरियावाद और वल्लभनगर दोनों विधानसभा सीटों पर विजय हासिल की है।

पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने सभी चार विधानसभा सीटों दिनहाटा, गोसाबा खरदाह और शांतिपुर पर विजय हासिल की है। मध्य प्रदेश में सत्तारूढ दल भाजपा ने खंडवा संसदीय क्षेत्र और जोबट तथा पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्रों में विजय हासिल कर ली है जबकि रैगांव विधानसभा सीट पर शुरुआत में पिछड़ने वाली कांग्रेस ने आखिरकार जीत हासिल कर ली है।

हरियाणा के ऐलनाबाद विधानसभा सीट पर उपचुनाव में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) विधायक अभय चौटाला ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी-जननायक जनता पार्टी प्रत्याशी गोविंद कांडा सत्तारूढ़ गठबंधन प्रत्याशी गोबिंद कांडा को 6708 मतों से हरा कर जीत दर्ज करायी।

बिहार के कुशेश्वरस्थान (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अमन भूषण हजारी 12000 से अधिक मतों के अंतर से उप चुनाव जीत गये। श्री हजारी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार गणेश भारती को 12698 मतों के अंतर से पराजित किया। जदयू ने इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है।

आंध्र प्रदेश की बदवेल सीट पर वाईएसआर कांग्रेस ने कब्जा बरकरार रखा है। वहीं कर्नाटक उपचुनाव में भाजपा के रमेश भुसनुर ने सिंदगी सीट पर कांग्रेस के अशोक मानागुली को हराकर जीत का परचम लहराया है, वहीं हनागल सीट का परिणाम अभी तक आया नहीं है।तेलंगाना की हुजूराबाद विधानसभा सीट पर भाजपा के ई. राजेंद्र ने सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति के जी. श्रीनिवास यादव को हराकर विजय हासिल कर ली है।

असम में भाजपा के सुशांत बोरगोहेन ने थोवरा विधानसभा सीट पर जीत हासिल की है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को 30,561 मतों से पराजित किया। भाजपा के फणीधर तालुकदार ने भबानीपुर सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार शैलेंद्र नाथ दास को 25641 मतों से पराजित किया। वहीं भाजपा की ही रूपज्योति कुर्मी ने मरियानी सीट पर कांग्रेस के लुहित कोंवर को 40104 मतों से पराजित किया। यूपीपीएल की जोलेन डेमरी ने तामुलपुर सीट जीती है।

हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट तथा कांगड़ा जिले की फतेहपुर, सोलन जिले की अर्की तथा शिमला जिले की जुब्बल कोटखाई विधानसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहे हैं। कांग्रेस ने जहां मंडी लोकसभा सीट और जुब्बल कोटखाई सीट भाजपा से छीन ली हैं वहीं दो अन्य सीटें बरकरार रखी हैं, हालांकि इन परिणामों की आधिकारिक घोषणा होनी बाकी है।

मंडी संसदीय सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने सीधे चुनावी मुकाबले में अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के ब्रिगेडियर(सेवानिवृत्त) खुशाल चंद ठाकुर को 8766 मतों के अंतर से पराजित किया। कांग्रेस ने भाजपा से यह सीट छीन ली है। उधर, जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीट कांग्रेस के रोहित ठाकुर ने 6103 मतों से अंतर से जीती। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी चेतन ब्रागटा को पराजित किया।

अर्की विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के संजय अवस्थी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रतन सिंह पाल को 3162 मतों के अंतर से पराजित किया। कांगड़ा जिले की फतेहपुर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के भवानी सिंह पठानिया ने भाजपा के बलदेव ठाकुर को 5389 मतों के अंतर से पराजित किया।

राजस्थान में उदयपुर जिले की वल्लभनगर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की प्रीति शक्तावत 20 हजार मतों से अधिक मतों से विजय घोषित हुई। उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल पार्टी (रालोपा) के उदयलाल डांगी को 20 हजार 606 से अधिक वोटों से हराया। सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ने इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। वहीं, प्रतापगढ़ जिले की धरियावद विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी नगराज मीणा को विजयी घोषित किया गया है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय प्रत्याशी थावर चंद को 18 हजार 725 मतों से हराया।पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार उदयन गुहा ने कूचबिहार जिले के दिनहाटा निर्वाचन क्षेत्र में 30 अक्टूबर को हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी अशोक मंडल को 1,64,088 के भारी मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की। श्री गुहा इसी निर्वाचन क्षेत्र में पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक से मामली अंतर से हार गये थे। शांतिपुर, खरदाह और गोसाबा विधानसभा क्षेत्रों से ब्रजकिशोर गोस्वामी, शोभनदेव चट्टोपाध्याय और सुब्रत मंडल ने क्रमश: 60,892 मतों, 93,832 मतों और 1,43,000 मतों से जीत हासिल की।

सत्तारूढ़ दल ने दिनहाटा और शांतिपुर की दो सीटें भाजपा से छीन ली है। दिनहाटा और शांतिपुर सीटें भाजपा सांसद निशीथ प्रमाणिक और जगन्नाथ सरकार के क्रमशः राज्य विधानसभा से इस्तीफा देने तथा अपनी लोकसभा सदस्यता बरकरार रखने के फैसले के कारण खाली हुई थीं।

मध्यप्रदेश के खंडवा लोकसभा उपचुनाव और कांग्रेस के गढ़ जोबट (अजजा) तथा पृथ्वीपुर विधानसभा उपचुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा ने शानदार विजय हासिल की जबकि कांग्रेस को रैगांव (अजा) उपचुनाव में विजय से ही संतोष करना पड़ा। खंडवा संसदीय उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल ने 80 हजार से अधिक मतों से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के राजनारायण सिंह को पराजित कर पार्टी का कब्जा बरकरार रखा।

गुजरात की सीमा से सटी आदिवासी बहुल अलीराजपुर जिले की जोबट विधानसभा सीट कांग्रेस का गढ़ मानी जाती है। यहां पर भाजपा प्रत्याशी श्रीमती सुलोचना रावत ने कांग्रेस के महेश पटेल को छह हजार से अधिक मतों से पराजित कर कांग्रेस से यह सीट छीन ली। बुंदेलखंड अंचल की पृथ्वीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा के डॉ. शिशुपाल सिंह यादव ने कांग्रेस के नितेंद्र सिंह राठौर को लगभग 15 हजार मतों से शिकस्त देकर कांग्रेस से यह सीट छीन ली। विंध्यांचल की रैगांव (अजा) सीट पर भाजपा प्रत्याशी सुश्री प्रतिमा बागरी को कांग्रेस की सुश्री कल्पना वर्मा के हाथों लगभग 12 हजार मतों से पराजय का मुख झेलना पड़ा।

आंध्र प्रदेश की बदवेल सीट पर वाईएसआर कांग्रेस ने कब्जा बरकरार रखा है। वाईएसआरसीपी उम्मीदवार डॉ. दसारी सुधा ने भाजपा के पी. सुरेश को 90,533 मतों के अंतर से पराजित किया। यहां कांग्रेस की एम. कमलम्मा तीसरे स्थान पर रहीं।





रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान