आंखों में गुजरी दो रातें,बेटे का चेहरा देखने दिल्ली पहुंची शहीद पृथ्वी सिंह चौहान की मां

संवाद सहयोगी, | पब्लिक एशिया
Updated: 10 Dec 2021 , 17:59:01 PM
  • Share With



आगरा। तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलीकाप्टर हादसे में शहीद हुए विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान का चेहरा देखने के लिए उनकी मां सुशीला से रहा नहीं गया। घर पर शव पहुंचने का इंतजार नहीं कर सकीं। इसलिए वह बीते गुरुवार को ही दिल्ली पहुंच गईं। इधर, पिता सुरेंद्र सिंह गुमसुम हैं। बीती दो रात से घर के मां-पिता के साथ अन्य स्वजन सो नहीं सके हैं। उनकी आंखें सूज गई हैं। श्रद्धांजलि देने के लिए सुरेंद्र सिंह के घर लोगों का तांता लगा हुआ है।बीते बुधवार दोपहर को तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलीकाप्टर हादसे में सीडीएस बिपिन रावत के साथ अन्य जांबाज शहीद हो गए थे। इनमें न्यूआगरा, सरन नगर निवासी विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान भी शामिल थे।

सीडीएस के हेलीकाप्टर को वही उड़ा रहे थे। यहां उनका परिवार रहता है। बुधवार दिन में ही उनके परिजनों को टीवी के माध्यम से उन्हें हादसे की जानकारी मिली थी। तभी से उनका रो-रो कर बुरा हाल है। बीते गुरुवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने परिजनों को सांत्वना दी थी। उनके अलावा राजनीतिक क्षेत्र के अन्य लोग उनके आवास पर पहुंच रहे हैं। पिता सुरेंद्र सिंह का रो-रो कर बुरा हाल है। लगातार अपने बेटे को याद कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि शहीद विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान का शव शुक्रवार दोपहर बाद दिल्ली से आगरा पहुंच सकता है। यहीं के पोइया घाट पर उनके अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। हालांकि इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हो सका है। शहीद की पत्नी कामिनी और दोनों बच्चे फिलहाल दिल्ली में ही हैं। यहां के उनके और रिश्तेदार जुट गए हैं। जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह और एसएसपी सुधीर कुमार सिंह भी परिजनों के लगातार संपर्क में हैं। 





रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान