इंदौर में तीन मंजिला मकान में लगी आग,सात की मौत

स्वाति वर्मा | पब्लिक एशिया
Updated: 07 May 2022 , 12:41:58 PM
  • Share With



इंदौर।मध्यप्रदेश के इंदौर जिला मुख्यालय स्थित विजय नगर थाना क्षेत्र के एक तीन मंजिला मकान में आग लगने से सात लोगों की मृत्यु हो गयी है। इंदौर जोन-2 के पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने आज बताया कि विजय नगर थाना क्षेत्र के स्वर्णबाग कॉलोनी के तीन मंजिला मकान में आग लगने की घटना में सात लोगों की दमघुटने से मृत्यु हो गयी है। मृतकों में दो महिला एवं पांच पुरुष बताए गए हैं। उन्होंने बताया कि कल रात्रि मकान के नीचे, जहां वाहन खड़े थे, वहां अचानक आग लग गयी और इसने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

एसपीउपाध्याय ने बताया कि इस घटना में मकान के ऊपरी मंजिल में सो रहे सात लोगों की आग लगने के चलते दमघुटने से मृत्यु हो गयी है। वहीं, कुछ अन्य लोग झुलस गए हैं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है। घटना के बाद दमकल वाहनों की मदद से मकान में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। पुलिस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है।


शिवराज में इंदौर में आग लगने से सात लोगों की मृत्यु पर शोक जताया

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में एक मकान में आग लगने से सात लोगों के असमय निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की है।आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री चौहान ने कहा कि इंदौर के स्वर्ण बाग कॉलोनी में शॉर्ट सर्किट से हुए हादसे में कई अनमोल जिंदगियों के असमय निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति देने तथा घायलों को शीघ्र स्वस्थ करने की प्रार्थना करते हैं।


इंदौर घटना में मृत नागरिकों के आश्रितों को चार चार लाख रुपए की सहायता मिलेगी

 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज इंदौर में एक मकान में आग लगने के कारण सात लोगों की मृत्यु की हृ़दयविदारक घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के आश्रितों को चार चार लाख रुपए की सहायता राशि की घोषणा की है। चौहान ने कहा कि इस घटना की जांच के आदेश भी दिए गए हैं। लापरवाही सामने आने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। चौहान ने ट्वीट के जरिए कहा कि इंदौर में एक मकान में आग लगने के कारण सात लोगों की जिंदा जलकर मरने की खबर अत्यंत हृदय विदारक है। इसकी जांच के आदेश भी दिए गए हैं और मृतकों के आश्रितों को चार चार लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

 चौहान ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि दिवंगतों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है।प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों ने भी इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है।






रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान