कोविंद ने की कृषि विश्वविद्यालय की सराहना

पब्लिक एशिया ब्यूरो | विशेष संवाददाता
Updated: 26 Jun 2021 , 18:47:40 PM
  • Share With



कानपुर,  राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कानपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा किए जा रहे शोध, शिक्षण और प्रसार कार्यों की सराहना की है।

तीन दिवसीय दौरे पर आये श्री कोविंद से शनिवार को विश्वविद्यालय के कुलपति डॉक्टर डीआर सिंह ने मुलाकात की और उन्हे विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए देश के प्रथम जैव संवर्धित गांव अनूपपुर में कुपोषण दूर करने के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। कोविंद ने इसकी सराहना करते हुये कहा कि अनूपपुर को आदर्श गांव बनाया जाए। साथ ही किसान कृषि में आत्मनिर्भर बने, इस दिशा में विश्वविद्यालय द्वारा भी कार्य किए जाएं।

राष्ट्रपति ने विश्वविद्यालय द्वारा कराए जा रहे वृक्षारोपण कार्य को सराहा। कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा दलीप नगर के बोझा प्रक्षेत्र पर इस वर्ष 60 हजार पौधे रोपित किए जाएंगे। इसके अलावा गत वर्ष विभिन्न अवसरों पर विश्वविद्यालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर कई गतिविधियां व पौधरोपण कार्य संपादित किए गए हैं। कोविंद ने अपने पैतृक गांव परौंख में घर-घर न्यूट्री किचन गार्डन लगवाए जाने की भी सराहना की।

इस अवसर पर डा सिंह ने राष्ट्रपति को विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा लिखित पुस्तक ‘जैविक खेती के आयाम’ नामक पुस्तक भेंट की। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉक्टर खलील खान ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलपति एवं राष्ट्रपति महोदय की लगभग 15 मिनट भेंट हुई । इस दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी दी।






रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान