चन्नी का भांजा मनी लान्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार

संवाद सहयोगी | पब्लिक एशिया
Updated: 04 Feb 2022 , 16:15:49 PM
  • Share With



जालंधर।  प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने गुरुवार देर रात मनी लाॅन्ड्रिंग के एक मामले में पंजाब के मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी के भांजे भूपिंदर सिंह हनी को गिरफ्तार कर लिया। उसे आज दोपहर बाद दो बजे मोहाली की अदालत में पेश किया जाएगा।

ईडी ने वर्ष 2018 में दर्ज हुए अवैध खनन के एक मामले में 18 जनवरी को भूपिंदर सिंह हनी के मोहाली, लुधियाना और पठानकोट स्थित ठिकानों पर छापे मारे थे। ईडी को भूपिंदर के ठिकाने से 7.9 करोड़, भूपिंदर के साथी संदीप के ठिकाने से दो करोड़ नकदी, 21 लाख कीमत के सोने के गहने तथा 12 लाख की रॉलेक्स घड़ी बरामद की थी।

ईडी ने गुरुवार को भूपिंदर सिंह को पूछताछ के लिए जालंधर स्थित कार्यालय में बुलाया था। पूछताछ के दौरान वह घबरा गया और उसने ईडी अधिकारियों के समक्ष तबीयत बिगड़ने की बात कही। इसके बाद उसे अस्पताल में ले जाया गया। रात करीब एक बजे अस्पताल ने भूपिंदर की सभी जांच रिपोर्ट सामान्य होने का दावा किया, जिसके बाद देर रात करीब दो बजे उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

ईडी ने छापे के दौरान कहा था कि देश भर में माफियाओं ने करोड़ों रुपये छुपाये हैं, जिसे उजागर किया जा रहा है। केवल पंजाब में अवैध रेत खनन मामले लगभग दर्जन भर जगहों पर छापे मारे गये हैं। लुधियाना में भूपिंदर सिंह के आवासीय परिसर से करोड़ों रुपये बरामद हुए थे।

कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री के नाम के एलान से पहले हुई इस गिरफ्तारी से श्री चन्नी के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इस मामले को लेकर विपक्ष श्री चन्नी पर हमलावर रहा है। वहीं, अपनी ही पार्टी में इस मामले में उन्हें प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू का साथ भी नहीं मिला है। दोनों ही नेता मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हैं।






रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान