दिल्ली शीत लहर की चपेट में,न्यूनतम तापमान 4.6डिग्री

संवाद सहयोगी, | पब्लिक एशिया
Updated: 19 Dec 2021 , 20:37:41 PM
  • Share With



नयी दिल्ली । राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह लोगों को शीत लहर का सामना करना पड़ा। राजधानी का सुबह न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है।

मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में शनिवार को इस मौसम का अब तक का सबसे ठंड दिन रहा था और तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी।

विभाग ने मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। विभगा के मुताबिक आज न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों तक शीत लहर जारी रहेगी। विभाग ने अनुमान जताया है कि उत्तरी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में 21 दिसंबर तक शीत लहर की स्थिति गंभीर बन सकती है।

मौसम विभाग ने कहा, “पिछले तीन दिनों से पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान में पश्चिमोत्तर की ओर से लगभग 10-15 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शुष्क हवाएं चल रही है और अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। इन क्षेत्रों में अगले तीन दिनों तक शीत लहर के बढ़ने के आसार हैं। उसके बाद मौसम में सुधार हो सकता है।

इस बीच दिल्ली में आज सुबह वायु गुणवत्ता मामूली सुधार देखा गया और सूचकांक 290 साथ खराब श्रेणी में रहा।

वायु गुणवत्ता और मौसम पूर्वानुमान एवं अनुसंधान प्रणाली (सफर) के अनुसार, पीएम 2.5 और पीएम 10 क्रमश: 117 और 193 श्रेणी में रहा।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली के पड़ोसी हिस्सों फरीदाबाद में वायु गणवत्ता सूचकांक 244, गाजियाबाद में 231, गुरुग्राम में 226 और नोएडा सेक्टर 62 में 232 के साथ खराब श्रेणी में दर्ज किया गया।

उल्लेखनीय है कि वायु गुणवत्ता शून्य से 50 तक अच्छी, 51 से 100 तक संतोषजनक, 101 से मध्यम, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 तक गंभीर की श्रेणी में आती है।






रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान