पांच राज्यों में चुनावों के एलान के साथ ही राजनीतिक दलों में जंग की शुरूआत

संवाद सहयोगी, | पब्लिक एशिया
Updated: 08 Jan 2022 , 19:51:38 PM
  • Share With



नयी दिल्ली।चुनाव आयोग के शनिवार को पांच राज्यों में चुनाव कार्यक्रमों के एलान के साथ ही राजनीतिक दलों की लड़ाई का मैदान खुल गया है। सभी राजनीतिक दलों ने चुनावों की घोषणा स्वागत किया है। इन पांच राज्यों में से चार उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार है जबकि पंजाब में कांग्रेस की सरकार है। पिछले पांच साल में पंजाब को कांग्रेस ने दो मुख्यमंत्री दिए जबकि उत्तराखंड में भाजपा ने तीन मुख्यमंत्री बनाए।

भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा,“ विधानसभा चुनावों में भाजपा को जनता का फिर आशीर्वाद प्राप्त होगा। भाजपा प्रंचड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी और सेवा एवं विकास के कार्यों को नयी ऊचाइयों तक ले जाएगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा,“ लड़ेगा, बढ़ेगा, जीतेगा उत्तर प्रदेश। दस मार्च को नौजवानों, किसानों, महिलाओं ,श्रमिकों,व्यापारियों और आमजनों की जीत का मार्च होगा।”

सीएम योगी आदित्यनाथ को भरोसा प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा की सरकार

 उत्तर प्रदेश में 18वीं विधानसभा के गठन के लिए शनिवार को निर्वाचन आयोग ने चुनाव की तारीख घोषित कर दी है। इसके साथ ही प्रदेश में आदर्श चुनाव आचार संहिता भी लागू गई है। चुनाव की तारीख घोषित होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रसन्नता व्यक्त करने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बहुमत से सरकार भी बनने का दावा किया।सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में प्रदेश के चुनाव की तिथियों की घोषणा का स्वागत। भारतीय जनता पार्टी डबल इंजन की सरकार की उपलब्धियों के आधार पर जनता जनार्दन के आशीर्वाद से प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने में सफल होगी। जब तक हम लोग चुनावी समर में हैं तब तक अपनी बात कहेंगे। जब सत्ता में होंगे तो सिंहासन पर बैठने के बाद समदृष्टि सबके प्रति होगी, तब कोई अपना-पराया नहीं। मुझे प्रसन्नता है कि डबल इंजन की सरकार ने प्रदेशवासियों को लाभ दिया है। जो सरकार प्रदेश के लिए कुछ नहीं करेगी तो वह अनुपयोगी रहेगी। 2003 से 2017 के बीच में जो तीन सरकारें आई थीं, वह प्रदेश के लिए अनुपयोगी थीं प्रदेश व देश के विकास में बाधक थीं।

अखिलेश यादव के साथ प्रियंका गांधी को भी भरोसा दस मार्च को उत्तर प्रदेश में होगा सत्ता का बदलाव

 उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद सत्ताधारी भाजपा के साथ विपक्षी दलों की भी प्रतिक्रिया तेज होने लगी है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भरोसा है कि दस मार्च को भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश की सत्ता से बाहर हो जाएगी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा भी दस मार्च को भाजपा को उत्तर प्रदेश की सत्ता से बाहर बता रही हैं।समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की शुरुआत दस फरवरी हो रही है। दस मार्च तक परिणाम आएगा। उत्तर प्रदेश की जनता बहुत दिनों से बदलाव का इंतजार कर रही थी। इतने दिनों में महंगाई बढ़ी है। बेरोजगारी बढ़ी है। किसानों पर झूठे मुकदमे लगे। अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव हुआ है। नफरत की राजनीति हुई है उन्होंने लगातार सरकार में बैठकर अधिकारियों के माध्यम से लोगों को सताया है।अखिलेश यादव ने कहा कि दस फरवरी से शुरू हो रही उत्तर प्रदेश के चुनाव की यह तारीखें बदलाव की हैं। शुरुआत 10 फरवरी से हो रही है और 10 मार्च तक परिणाम आएगा। चुनाव आयोग की सभी शर्तों का पालन किया जाएगा। दस मार्च के बाद उत्तर प्रदेश भाजपा भाजपा का साफ होना तय है।

चार राज्यों में अपने बल पर सरकार बनाएंगे : कांग्रेस

चुनाव आयोग के पांच राज्यों में चुनावी कार्यक्रम घोषित करने के बाद कांग्रेस ने दावा किया कि चार राज्यों में वह अपने दम पर सरकार बनाएगी और उत्तर प्रदेश में उसके बिना कोई सरकार नहीं बना सकेगा।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शनिवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी के अत्याचारों से इन पांचों राज्यों की जनता पीड़ित है और इन राज्यों में दलितों, पिछड़ों तथा महिलाओं के साथ अत्याचार हुए हैं तथा इन चुनावों में उसका यह अत्याचार अब समाप्त हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि इन विधानसभा चुनाव में युवाओं के लिए भाजपा को हटाकर बेरोजगारी की चोट से बदला लेने का मौका है और आम जनता के पास महंगाई से निजात पाने का इससे बेहतर अवसर नहीं हो सकता है। प्रवक्ता ने कहा कि पंजाब,गोवा, उत्तराखंड और मणिपुर में कांग्रेस अपने बूते सरकार बनाएगी और उत्तर प्रदेश में कोई भी राजनीतिक दल उसके बिना सरकार नहीं बना सकेगा। 

दस मार्च को भाजपा की होगी उत्तर प्रदेश से विदाई: बसपा

बहुजन समाज पार्टी के नेता और सांसद कुँवर दानिश अली ने कहा कि उन्हें यक़ीन है कि दस मार्च को उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को राज्य की सत्ता से विदा कर देगी। अमरोहा से सांसदअली ने पाँच विधान सभा चुनाव के तारीख़ों की घोषणा के बाद ट्वीट कर कहा,“मुझे पूरा यकीन है कि उत्तर प्रदेश की जनता 10 मार्च को भीगी पलकें कार्यक्रम आयोजित करके 5 कालीदास से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को और भाजपा को विदा कर देगी।”

चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी तैयार : केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चुनावों की तारीख़ों का ऐलान हो चुका है और उनकी पार्टी पूरी तरह तैयार है।  केजरीवाल ने पाँच राज्यों के चुनावी तारीख़ों का एलान होने के बाद ट्वीट कर कहा,“चुनावों की तारीख़ों का ऐलान हो चुका है। आम आदमी पार्टी तैयार है।’’ग़ौरतलब है कि चुनाव आयोग ने आज पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव कार्यक्रमों का एलान कर दिया। सभी राज्यों में चुनाव कार्यक्रम कुल सात चरणों में पूरा होगा। उत्तरप्रदेश में सात चरणों में, मणिपुर में दो चरणों में और उत्तराखंड, पंजाब और गोवा में केवल एक चरण में वोट डाले जाएंगे। चुनाव के दौरान कोविड गाइडलाइन को सख्ती से लागू किया जाएगा। कोविड के खतरे को ध्यान में रखते हुए रैली पर रोक लगाई गई है। केवल वर्चुअल रैलियों की इजाज़त दी गई है। सभी राज्यों में 10 मार्च को मतगणना होगी।






रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान