पेगासस मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भाजपा ने किया स्वागत

संवाद सहयोगी | पब्लिक एशिया
Updated: 27 Oct 2021 , 21:37:47 PM
  • Share With



नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पेगासस मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत किया वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान को लेकर कांग्रेस पर आज आरोप लगाया कि वह भ्रम की राजनीति फैला रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा ने पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में  राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि भ्रम और राहुल गांधी जी का गहरा रिश्ता रहा है। झूठ बोलना, भ्रम फैलाना ये राहुल गांधी जी की आदत रही है। उनके पास कुछ नया नहीं होता। बार बार एक ही बात और एक ही शब्दावली दोहराना उनकी फितरत रही है।

डॉ. पात्रा ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के आज के एक निर्णय को लेकर गांधी ने फिर उन्हीं शब्दों का उच्चारण किया जो वो हमेशा करते आए हैं। न तो श्री गांधी और न ही कांग्रेस पार्टी पेगासस विषय को लेकर अदालत गए थे। अदालत में इस विषय पर विस्तृत चर्चा के पश्चात उच्चतम न्यायालय ने आज अपना फैसला सुनाया है जिसकी सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि केंद्र सरकार ने पेगासस विषय पर जो हलफनामा अदालत में दिया है, उसमें स्पष्ट रुप से कहा गया है कि कुछ निहित स्वार्थी तत्वों द्वारा पेगासस मामले में जो मनगढ़ंत बातें फैलाई जा रही हैं, उसे दूर करने के लिए यह आवश्यक है कि एक विशेषज्ञ समिति जाए और न्यायालय ने भी इस बात को संज्ञान लेते हुए समिति गठित कर दी है जो निष्पक्ष जांच करेगी। उन्‍होंने कहा कि भाजपा उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत करती है क्योंकि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास करती है।

डॉ पात्रा ने कहा कि पेगासस मसले पर केंद्रीय सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद में अपना वक्तव्य दिया था, उसे भी हलफनामे के परिशिष्ट में अदालत में प्रस्तुत किया गया था। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री वैष्णव पेगासस मामले में जब संसद में अपना वक्तव्य दे रहे थे तो देश की जनता ने कांग्रेस पार्टी का अलोकतांत्रिक और अमर्यादित व्यवहार देखा था. संसद के पटल पर विपक्ष द्वारा वक्तव्य की प्रति को फाड़ देना बेहद ही निंदनीय कृत्य था।

डॉ पात्रा ने सवाल किया कि आखिर गाँधी को अदालत के फैसले पर भरोसा है अथवा नहीं? वह हर विषय को लेकर अदालत जाते हैं। राफेल मुद्दे पर भी अदालत गए थे। अदालत जब भी फैसला सुनाती है, चाहे राम मंदिर का मामला हो या फिर राफेल का या फिर अन्य, कांग्रेस पार्टी, खासकर राहुल गाँधी, बेहद अलोकतांत्रिक तरीके से न्यायालय पर हमले करते हैं।





रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान