भारतीय छात्र नवीन की मृत्यु के लिए सरकार जिम्मेदार: कांग्रेस

Swati Verma | Public Asia
Updated: 01 Mar 2022 , 21:14:25 PM
  • Share With



नयी दिल्ली। कांग्रेस ने यूक्रेन में भारतीय छात्र नवीन की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसके लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि उसने समय पर देश के नागरिकों को निकालने में कोताही बरती है।

कांग्रेस प्रवक्ता डॉ रागिनी नायक ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में विशेष संवाददाता सम्मेलन में कहा कि नवीन की मृत्यु के लिए भारत सरकार जिम्मेदार है। उसने समय पर कदम उठाया होता तो देश को एक होनहार छात्र को खोना नहीं पड़ता। उन्होंने कुछ छात्राओं को अगवा किए जाने की खबरों पर भी गहरी चिंता व्यक्त की है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी नवीन की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि सरकार को यूक्रेन से भारतीय छात्रों को लाने के लिए ठोस रणनीति बनानी चाहिए और इस योजना की जानकारी छात्रों तथा उनके परिजनों के साथ साझा भी करनी चाहिए।

श्री गांधी ने ट्वीट कर कहा "एक भारतीय छात्र नवीन की यूक्रेन में मृत्यु की दुखद खबर मिली। मेरी उनके परिवार के सदस्यों और दोस्तों के प्रति हार्दिक संवेदना। मैं फिर कहता हूं कि भारत सरकार को फंसे छात्रों की सुरक्षित आपसी के लिए रणनीतिक योजना के तहत काम करने की आवश्यकता है। इस काम के लिए हर मिनट कीमती है।"

श्रीमती वाड्रा ने कहा "यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्र नवीन की मृत्यु की खबर बहुत ही दुखदाई है। उनके परिजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस दुख की घड़ी में साहस दें। मेरा सरकार से निवेदन है कि हरसंभव प्रयास कर जल्द से जल्द हमारे सभी छात्र-छात्राओं को वापस लाया जाए।"






रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान