मणिपुर में सेब की पैदावार से मोदी खुश

पब्लिक एशिया ब्यूरो | विशेष संवाददाता
Updated: 25 Jul 2021 , 16:24:48 PM
  • Share With



 नई दिल्ली    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मणिपुर में सेब की पैदावार पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रविवार को कहा कि युवाओं के कुछ नया करने के जज्बे से ऐसा हो सका है ।


  मोदी ने आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में कहा कि लोग आम तौर पर हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में सेब के बाग की बात जानते हैं । इस सूची में मणिपुर को भी जोड़ दीजिये तो शायद आप आश्चर्य से भर जाएंगे। कुछ नया करने के जज़्बे से भरे युवाओं ने मणिपुर में ये कारनामा कर दिखाया है। आजकल मणिपुर के उखरुल जिले में, सेब की खेती जोर पकड़ रही है। यहाँ के किसान अपने बागानों में सेब उगा रहे हैं। सेब उगाने के लिए इन लोगों ने बाकायदा हिमाचल जाकर प्रशिक्षण भी लिया है। इन्हीं में से एक हैं टी एस रिंगफामी योंग। ये पेशे से एयरोनॉटिकल इंजीनियर हैं। उन्होंने अपनी पत्नी श्रीमती टी.एस. एंजेल के साथ मिलकर सेब की पैदावार की है। इसी तरह, अवुन्गशी शिमरे ऑगस्टीना ने भी अपने बागान में सेब का उत्पादन किया है। अवुन्गशी दिल्ली में काम करती थीं। इसे छोड़ कर वो अपने गाँव लौट गईं और सेब की खेती शुरू की। मणिपुर में आज ऐसे कई सेब उत्पादक हैं, जिन्होंने कुछ अलग और नया करके दिखाया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आदिवासी समुदाय में, बेर बहुत लोकप्रिय रहा है। आदिवासी समुदायोँ के लोग हमेशा से बेर की खेती करते रहे हैं। लेकिन कोविड महामारी के बाद इसकी खेती विशेष रूप से बढ़ती जा रही है। त्रिपुरा के उनाकोटी के ऐसे ही 32 साल के युवा बिक्रमजीत चकमा है। उन्होंने बेर की खेती की शुरुआत कर काफ़ी मुनाफ़ा भी कमाया है और अब वो लोगों को बेर की खेती करने के लिए प्रेरित भी कर रहे है। राज्य सरकार भी ऐसे लोगों की मदद के लिए आगे आई है। सरकार द्वारा इसके लिए कई विशेष नर्सरी बनाई गई हैं ताकि बेर की खेती से जुड़े लोगों की माँग पूरी की जा सके।





रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान