मध्य एशियाई देशों के विदेश मंत्रियों ने मोदी से मुलाकात की

संवाद सहयोगी, | पब्लिक एशिया
Updated: 20 Dec 2021 , 20:52:50 PM
  • Share With



नयी दिल्ली। मध्य एशियाई देशों कजाकिस्तान, किर्गिज गणराज्य, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्रियों ने सोमवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।

इन देशों के विदेश मंत्री तीसरे भारत-मध्य एशियाई संवाद में हिस्सा लेने के लिए यहां आये हुए हैं।

मध्य एशियाई देशों के विदेश मंत्रियों ने अपने राष्ट्रपतियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शुभकामनाएं दी और कहा कि उनकी सरकारें भारत के साथ संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में काम करने को तैयार हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री को भारत- मध्य एशिया संवाद में हुई बातचीत की जानकारी दी। यह बैठक विदेश मंत्री एस जयशंकर की अध्यक्षता में हुई थी और इसमें अफगानिस्तान की स्थिति सहित व्यापार एवं अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी थी।

प्रधानमंत्री ने इस मौके पर जोर देकर कहा कि भारत मध्य एशियाई देशों के साथ लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को अत्यधिक महत्व देता है। उन्होंने 2015 में मध्य एशियाई देशों की अपनी यात्रा और बाद में कजाकिस्तान , उज्बेकिस्तान और किर्गिज गणराज्य की अपनी यात्राओं का भी उल्लेख किया।

 मोदी ने भारत और मध्य एशियाई देशों के लोगों के बीच संपर्क बढाने तथा सांस्कृतिक आदान प्रदान पर भी जोर दिया। साथ ही उन्होंने इन देशों के साथ आर्थिक सहयोग के महत्व पर भी बल दिया।

भारत और मध्य एशियाई देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की अगले वर्ष 30 वीं वर्षगांठ मनायी जायेगी।





रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान