येदियुरप्पा ने भाजपा के कई बड़े नेताओं से की मुलाकात

पब्लिक एशिया ब्यूरो | विशेष संवाददाता
Updated: 17 Jul 2021 , 16:34:49 PM
  • Share With



नयी दिल्ली  कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की खबरों के बीच मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने आज यहाँ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई बड़े नेताओं के साथ बैठक की।

भाजपा सूत्रों के अनुसार  येदियुरप्पा ने गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के मुलाकात की। इससे पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कल भेंट की थी।

 शाह से हुई बैठक के बाद  येदियुरप्पा ने संवाददाताओं से कहा, “ शाह ने मुझे कर्नाटक में सत्ता में वापस आने के लिए कड़ी मेहनत करने को कहा। साथ ही कहा कि लोकसभा चुनाव में और अधिक सीटें जीतनी चाहिए।”

उन्होंने कहा, “ गृह मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हम सौ फीसदी जीतेंगे और कर्नाटक में हमारा भविष्य उज्ज्वल है।  शाह ने कर्नाटक में पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी लेने की बात कही। मैंने उनको विश्वास दिलाया है कि मैं पीछे नहीं हटूंगा और पूरी जिम्मेदारी लूंगा।”

 येदियुरप्पा ने भाजपा अध्यक्ष  नड्डा से मुलाकात के बाद अपने इस्तीफे की अटकलों को खारिज करते हुए कहा,“ऐसी खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। किसी ने मुझसे मेरा इस्तीफा नहीं मांगा। ऐसी कोई स्थिति नहीं बनी। राज्य में नेतृत्व परिवर्तन पर कोई चर्चा नहीं हुई।  नड्डा से मेरी कर्नाटक में पार्टी के विकास पर विस्तार से चर्चा हुई। मेरे बारे में उनकी बहुत अच्छी राय है। मैं राज्य में फिर से सत्ता में आने के लिए पार्टी के लिए काम करूंगा।”

 येदियुरप्पा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लगभग 20 मिनट की मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद उन्होंने कहा था कि उन्होंने प्रधानमंत्री से मेकेदातु बांध परियोजना सहित राज्य के विकास से जुड़ी लंबित परियोजनाओं के जल्द क्रियान्वयन का आग्रह किया।

उल्लेखनीय है कि  येदियुरप्पा के इस्तीफे की अटकलों को लेकर कई खबरें आ रही थीं। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब ऐसी अटकलें लगायी जा रही हैं कि येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद से हटाया जा रहा है। कर्नाटक भाजपा के कुछ असंतुष्ट नेता   येदियुरप्पा और उनके परिवार पर भ्रष्टाचार तथा प्रशासन में हस्तक्षेप के आरोपों को लेकर निशाना साध रहे हैं। पार्टी का एक गुट उनकी उनकी उम्र को देखते हुए उन्हें हटाने की मांग कर रहा है तथा 2023 के विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री का नया चेहरा पेश करने पर जोर दे रहा है





रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान