योजनाओं के लाभार्थियों का नेटवर्क तैयार कर,विपक्ष को आईना दिखाएं:योगी

संवाद सहयोगी | पब्लिक एशिया
Updated: 08 Oct 2021 , 21:01:44 PM
  • Share With



गोरखपुर।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को भारतीय जनता पाटी (भाजपा) आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग के कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि वह केंद्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों का नेटवर्क तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर विपक्ष को आईना दिखाएं।

योगी गोरखपुर प्रवास के दूसरे दिन आज यहां भाजपा आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग की मंडलीय कार्यशाला का शुभारंभ किया।

योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यशाला में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से लाखों,करोड़ो परिवारों में खुशहाली आई है। उन्होंने कहा कि अगर उन परिवारों से संवाद कर उनकी बातचीत का तथ्यात्मक व सकारात्मक कंटेंट सोशल मीडिया पर डालेंगे तो सफेद झूठ बोलने वाला विपक्ष कहीं नहीं ठहरेगाए तथा मैदान छोड़कर भाग जाएगा तथा उसकी सारी मंशा धूल धूसरित हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर जिले में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट का काम हुआ है। बहुत बड़ी आबादी को सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है। प्रदेश में दो करोड़ 61 लाख शौचालय बने हैं, जिसका फायदा 10 करोड़ लोगों को हुआ है। प्रधानमंत्री आवास योजना से बने 40 लाख से अधिक आवासों से दो करोड़ लोग लाभान्वित हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड काल में 15 करोड़ परिवारों को मुफ्त राशन मिला। दो करोड़ 53 लाख किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ मिला। इतना ही नहीं एक करोड़ 56 लाख परिवारों को मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन व एक करोड़ 38 लाख परिवारों को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया गया।

उन्होंने कहा कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने वाले कन्या सुमंगला योजना से 10 लाख बालिकाएं आच्छादित हुईं। प्राथमिक विद्यालयों के एक करोड़ 81 लाख बच्चों को मुफ्त यूनिफॉर्म, जूता, मोजा, स्वेटर, बैग आदि प्रदान किया गया। अभ्युदय कोचिंग से 10 लाख से अधिक नौजवानों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी का मौका मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक विवाह योजना के तहत एक लाख 60 हजार गरीब कन्याओं का विवाह संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि 10 लाख से अधिक को दिव्यांगजन पेंशन, 29 लाख से अधिक को निराश्रित महिला पेंशन व 60 लाख से अधिक को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ मिल। साढ़े चार लाख युवाओं को सरकारी नौकरी मिली तो प्रदेश में हुए निवेश से एक करोड़ 61 लाख को रोजगार मिला। साथ ही 60 लाख लोगों को स्टार्टअप आदि योजनाओं के तहत बैंकों से जोड़कर सेवायोजित किया गया।





रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान