राजनीतिक मतभेद इतना कैसा कि पीएम की जान से खेल जाए कांग्रेस :शिवराज

संवाद सहयोगी, | पब्लिक एशिया
Updated: 06 Jan 2022 , 20:12:28 PM
  • Share With



भोपाल,। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस शासित पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक के मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी नेता राहुल गांधी को घेरते हुए आज कहा कि राजनीतिक विद्वेष इतना कैसा है कि कांग्रेस प्रधानमंत्री की जिंदगी से खेल जाए।

 चौहान ने आज यहां स्थानीय गुफा मंदिर में प्रधानमंत्री श्री मोदी की दीर्घायु के लिए महामृत्युंजय जाप किया। इस कार्यक्रम के बाद श्री चौहान ने संवाददाताओं से कहा कि श्री मोदी ने पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान और स्वाभिमान बढ़ाया है। आज पूरे देश में जनता के मन में रोष है, लोग चिंतित और अचंभित हैं कि भारत के प्रधानमंत्री की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा को जानबूझकर खतरे में डाला गया। उन्होंने स्वयं का संदर्भ देते हुए कहा कि वे स्वयं 15 साल से मुख्यमंत्री हैं। जब कांग्रेस की सरकार थी और तत्कालीन प्रधानमंत्री मध्यप्रदेश आते थे तो हर पल की सुरक्षा की चिंता वे स्वयं करते थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे जब अमेरिका गए, तो उनसे कहा गया कि भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह 'अन्डरअचीवर' हैं। इस पर उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री अंडर अचीवर नहीं हो सकते, वे भारत का गौरव हैं। उन्होंने कहा कि ये हमारे देश की परंपरा रही है, लेकिन, राजनीतिक विद्वेष इतना कैसा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री की जिंदगी से खेल जाए।

 चौहान ने कहा कि कल जिन परिस्थितियों में प्रधानमंत्री को फ्लाईओवर पर रहना पड़ा, भगवान की कृपा है कि वे सुरक्षित हैं।

उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी नेता राहुल गांधी को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेद ऐसा नहीं होता कि विद्वेष की अग्नि में आप जल उठें और कांग्रेस शासित राज्य में प्रधानमंत्री के साथ यह व्यवहार हो।





रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान