राजीव गांधी की जयंती पर राहुल प्रियंका ने अर्पित किये श्रद्धा सुमन

Sunil Awana | Public asia
Updated: 20 Aug 2022 , 13:21:59 PM
  • Share With



नयी दिल्ली  कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 78वी जयंती पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। गांधी और श्रीमती वाड्रा ने आज सुबह पूर्व प्रधानमंत्री के समाधि स्थल वीरभूमि जाकर उन्हें नमन किया और श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देने के लिए वीरभूमि पर पार्टी के कई बड़े नेता मौजूद थे।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने पूर्व प्रधानमंत्री को उनकी जयन्ती पर नमन करते हुए कहा कि उन्होंने कई क्रांतिकारी कदम उठाए हैं जिससे देश की प्रगति की राह आसान हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में देश सेवा करने के लिए राजीव गांधी को सिर्फ एक कार्यकाल मिला जिसे अनेक ऐतिहासिक और दूरगामी उपलब्धियों के लिए याद किया जाता है। इनमें खास उपलब्धियों में सूचनाक्रान्ति, पंचायतीराज और युवाओं को मिला वोट का अधिकार महत्वपूर्ण है।रमेश ने श्री राजीव गांधी के शासनकाल में हुई छह महत्वपूर्ण उपलब्धियों का विशेष उल्लेख किया और कहा कि ये उल्लेखनीय काम उनके व्यक्तित्व, प्रतिबद्धता तथा नेतृत्व कौशल को दर्शाते हैं।

 गांधी के शासनकाल में हुई उपलब्धियों का ज़िक्र करते हुए रमेश ने कहा कि उन्होंने सूचना क्रांति की बुनियाद रखी, जिसने भारत को पूरी तरह से बदल दिया। देश को कंप्यूटर, दूरसंचा और सॉफ्टवेयर विकास के युग में प्रवेश कराया और सामाजिक चुनौतियों का समाधान करने के लिए टेक्नोलॉजी मिशन की शुरुआत की।

श्री रमेश ने कहा कि उन्होंने पंचायतों और नगर पालिकाओं को महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण के साथ संवैधानिक दर्जा दिलाने का व्यक्तिगत रूप से नेतृत्व किया। इसी तरह से असम, पंजाब, मिजोरम और दार्जिलिंग जैसे देश के अशांत क्षेत्रों में शांति बहाल करने एवं इन्हें विकास के रास्ते पर वापस लाने के लिए कई समझौते किए।प्रवक्ता ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री ने 18 साल के युवाओं को वोट का अधिकार दिया, युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए देश के हर जिले में नवोदय विद्यालयों का नेटवर्क तैयार किया एवं स्वामी विवेकानंद की जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में घोषित किया। गंगा की सफाई के लिए 'गंगा कार्य योजना' तथा बंजर भूमि के वनीकरण के लिए 'राष्ट्रीय बंजर भूमि विकास बोर्ड' की स्थापना की तथा पर्यावरण की रक्षा के लिए व्यापक कानून बनाया।

इन्होंने कहा कि गांधी ने उदारीकरण की प्रक्रिया शुरू की जिसने 1991 के आर्थिक सुधारों का मार्ग प्रशस्त किया। इसी तरह चीन और पाकिस्तान के साथ हमारे लंबे समय से चले आ रहे मुद्दों को हल करने के लिए महत्वपूर्ण पहल की तथा संयुक्त राष्ट्र में वैश्विक एवं पूर्ण परमाणु निरस्त्रीकरण के लिए एक कार्य योजना प्रस्तुत की।

                                   मोदी ने राजीव गांधी को उनकी जयंती पर दी श्रद्धांजलि

  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी 78वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी।  मोदी ने आज ट्वीट किया, “हमारे पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि।”पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त 1944 को महाराष्ट्र के मुम्बई में हुआ था। वह भारत के सातवें प्रधानमंत्री थे। उनकी जयंती को 20 अगस्त को प्रत्येक वर्ष सद्भावना दिवस के रूप में मनाया जाता है।





रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान