लंबी बीमारी के बाद मेदांता अस्पताल में मुलायम सिंह यादव का निधन, गुरुग्राम से सैफई के लिए ले जाया जा रहा पार्थिव शरीर

Swati Verma | Public asia
Updated: 10 Oct 2022 , 13:33:30 PM
  • Share With



नई दिल्ली, एजेंसी। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता मुलायम सिंह यादव ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में आज (10 अक्टूबर) सुबह 8:16 बजे अंतिम सांस ली। उनके बेटे अखिलेश यादव ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। पिछले कुछ दिनों से सपा नेता की हालत गंभीर बनी हुई थी। 22 नवंबर, 1939 को जन्मे मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के सबसे प्रमुख नेताओं में से एक थे, जिन्होंने तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया और केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री के रूप में भी कार्य किया। वे 10 बार विधायक और 7 बार लोकसभा सांसद चुने गए थे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को दिग्गज राजनेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से देश में संघर्ष और समाजवाद के एक युग का अंत हो गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन दिन के राजकीय शोक की भी घोषणा की और कहा कि दिग्गज नेता का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

बिहार सरकार ने 10 अक्टूबर को एक दिन का राजकीय शोक किया घोषित

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर बिहार सरकार ने 10 अक्टूबर को एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।

मुलायम सिंह यादव ज़मीनी राजनीति से जुड़े एक सच्चे योद्धा थे - राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया श्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन एक बेहद दुःखद समाचार है। वो ज़मीनी राजनीति से जुड़े एक सच्चे योद्धा थे। मैं श्री अखिलेश यादव समेत सभी शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को पत्र लिखा। उन्होंने लिखा, वह उच्च सम्मान के नेता थे, जिनका हर कोई सम्मान करता था। भगवान आपको इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।

शिवराज सिंह चौहान ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर जताया शोक 

मध्य प्रदेश CM शिवराज सिंह चौहान ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक जताया। शिवराज सिंह चौहान ने कहा- वे वरिष्ठ नेता थे, उन्होंने UP की राजनीति की धारा बदल दी थी। समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाने में उनका बेहद महत्वपूर्ण योगदान था... ज़मीन जुड़े रहकर उन्होंने उत्तर प्रदेश की जनता की सेवा की। मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

मुलायम सिंह यादव को राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने दी श्रद्धांजलि 

मुलायम सिंह यादव के निधन पर राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने श्रद्धांजलि दी। कलराज मिश्र ने कहा- मुलायम सिंह जी के निधन की खबर से दुखी हूं। वह संघर्ष के जरिए और सैद्धांतिक पक्ष को मजबूत रखते हुए आगे बढ़े थे। वह राजनीति दृष्टि से परिपक्व थे। हर दल के लोग उनसे संबंधित थे। हम दोनों का अच्छा संबंध था। भगवान उनके परिवार, समर्थकों को शक्ति दे।

आज एक युग का अंत हुआ - RJD सांसद व नेता मनोज झा

मुलायम सिंह यादव के निधन पर RJD सांसद व नेता मनोज झा ने श्रद्धांजलि दी। मनोज झा ने कहा - आज एक युग का अंत हुआ है। एक ऐसा युग जिसने राजनीति को राजमहल से मुक्त कर सड़कों, गांवों तक ले गए। मैं समझता हूं कि इस क्षति की भरपाई कोई नहीं कर सकता... भगवान उनके परिवार, समर्थकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।

कल सैफई में होगा मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार

समाजवादी पार्टी (SP) ने ट्वीट कर बताया आदरणीय नेताजी का आज दिनांक 10/10/2022 को सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को सैफ़ई ले जाया जा रहा है। कल दिनांक 11/10/2022 को दोपहर तीन बजे सैफई में अंतिम संस्कार होगा।

नेता जी सबके प्रिय थे - केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दुख जताया। पीयूष गोयल ने कहा- नेता जी सबके प्रिय थे, उन्होंने लंबा समय देश के लिए राजनीतिक और सामाजिक दृष्टिकोण से अपना जीवन समर्पित किया। उत्तर प्रदेश और पूरे देश के लिए क्षति है। उनका आशीर्वाद हमेशा मुझे मिला।भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और पूरे परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दे। 

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा- मुलायम सिंह यादव के निधन से हम काफी दुख में है

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा- वह हमारे बीच में नहीं रहे इससे हमें काफी दुख है। मैं अपनी और हरियाणा सरकार की तरफ से उनके लिए भगवान से शांति की प्रार्थना करता हूं। 

फ़ारुख़ अब्दुल्ला ने मुलायम सिंह यादव को बताया 'ज़मीन और लोगों से जुड़े नेता'

सपा नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फ़ारुख़ अब्दुल्ला ने कहा- वह बड़े नेता थे जिसे देश को जरूरत थी। वह ज़मीन और लोगों से जुड़े नेता थे। वह संसद में ऐसी बातें बोलते थे जो हुकूमत सुन सकती थी। उन्होंने गरीबों को उठाने और उनकी बदहाली दूर करने के लिए अपनी ज़िंदगी दी।





रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान