वैश्विक नेताओं ने यूक्रेन पर रूसी हमले को अनुचित व बर्बर बताया, जापान,स्पेन, फ्रांस,आस्ट्रेलिया,इटली और यूरोपीय संघ ने की कड़ी आलोचना

SWATI VERMA | PUBLIC ASIA
Updated: 24 Feb 2022 , 18:57:53 PM
  • Share With



टोक्यो: यूक्रेन पर रूसी हमले की विश्व के नेताओं ने गुरुवार को कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे 'एक अनुचित और बर्बर कृत्य' बताया और रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाने समेत हमले के लिए क्रेमलिन को जिम्मेदार ठहराने की बात कही। जापान, स्पेन, फ्रांस, आस्ट्रेलिया, इटली और यूरोपीय संघ समेत अन्य देशों ने भी रूसी हमले की निंदा की है। जर्मनी और तुर्की ने यूक्रेन के नागरिकों को सतर्क करते हुए सुरक्षित स्थान पर रहने को कहा है।

रूस यूक्रेन युद्ध के व्यापक असर

लंबे समय से जिस हमले की आशंका जताई जा रही थी, उसकी शुरुआत हो जाने पर यूरोप से लेकर एशिया तक इसका असर देखने को मिला। स्टाक बाजार में गिरावट और तेल की कीमतों में उछाल देखा गया।वहीं, यूरोपीय उड्डयन अधिकारियों ने आगाह किया कि यूक्रेन के ऊपर से उड़ान भरने वाले विमानों को खतरा है। विमान संचालकों को एक बार फिर याद दिलाया गया कि यूक्रेन 'अब एक सक्रिय संघर्ष क्षेत्र' है। न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने यूक्रेन में सैनिक भेजने से रूस को रोकने के लिए असाधारण आपात बैठक बुलाई।

विश्व समुदाय ने बताया अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन

जर्मन चांसलर ओलाफ सोल्ज ने इस हमले को रूस के लिए एक भयानक दिन और यूरोप के लिए एक स्याह दिन बताया। चांसलर ने कहा कि यह हमला अंतरराष्ट्रीय कानूनों का सरासर उल्लंघन है।टोक्यो और सियोल में बाजार दो फीसदी तक गिर गया, जबकि हांगकांग और सिडनी में यह तीन फीसदी से अधिक लुढ़क गया। रूस से होने वाली आपूर्ति में संभावित बाधा के मद्देनजर तेल की कीमतों में प्रति बैरल तीन डालर का उछाल दर्ज किया गया। वाल स्ट्रीट बेंचमार्क एस एंड पी 500 भी 1.8 फीसदी गिरकर आठ महीने के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। चेक गणराज्य के प्रधानमंत्री पीटर फियाला ने रूसी हमले की निंदा करते हुए कहा कि यह निर्विवाद रूप से एक संप्रभु राष्ट्र के खिलाफ हमले की अनुचित कार्रवाई है। स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री एडुअर्ड हेगर ने इसे एक अनुचित और बर्बर कृत्य करार दिया।





रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान