सरकार बनी तो फिर शुरू करेंगे समाजवादी पेंशन योजना:अख‍िलेश यादव

संवाद सहयोगी, | पब्लिक एशिया
Updated: 19 Jan 2022 , 20:23:44 PM
  • Share With



लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने समाजवादी सरकार बनने पर फिर से समाजवादी पेंशन योजना शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस बार जरूरतमंद गरीब परिवार की महिलाओं को 18 हजार रुपए प्रति वर्ष पेंशन दी जाएगी। पिछली सरकार में इस योजना में करीब 50 लाख महिलाओं को छह हजार रुपये सालाना दिया जाता था। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में सबसे ज्यादा बैंक खाते खुलवाए गए। खातों में सीधे पैसा भेजा गया।

प्रदेश में डायरेक्ट बेनिफिट योजना की शुरुआत भी सपा सरकार ने की थी।सपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में अखिलेश ने कहा कि सरकार बनने पर एक्सप्रेस-वे के किनारे सपेरा गांव भी बसाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज जिन परिस्थितियों में चुनाव हो रहा है उसमें समाजवादी पार्टी का कोई विकल्प नहीं है। जनता समाजवादी पार्टी के साथ खड़ी है। हमने जिन नेताओं को पार्टी में शामिल किया है उनका व्यापक जनाधार है। गठबंधन में जो साथ आए हैं उनके साथ से लड़ाई में मजबूती आएगी। कहा कि इस बार भाजपा को गाय मां का पाप लगने जा रहा है। पूरे प्रदेश में जगह-जगह गाय मां भूखी हैं।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि सपा ने जैसे ही 300 यूनिट घरेलू बिजली मुफ्त देने की घोषणा की भाजपा घबरा गई। भाजपा ने साढ़े चार साल जनता की जेब काटी। भाजपा सरकार ने जो दोगुना बिल वसूला है क्या उसे वापस करेगी ? एक सवाल पर अखिलेश ने कहा कि समाजवादियों को और मुझे भाजपा से राष्ट्रवाद का सर्टिफिकेट नहीं चाहिए। मैं खुद मिलिट्री स्कूल में पढ़ा हूं। हमारे साथ मिलिट्री स्कूल में पढ़ने वाले कई सीनियर और मित्र आज देश की सीमाओं पर खड़े हैं और देश की रक्षा कर रहे हैं। क्या भाजपा की टॉप लीडरशिप बता सकती है कि उनके साथ पढ़ा हुआ कोई देश की सीमाओं पर खड़ा है।अखिलेश ने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर सबसे घटिया प्रचार भाजपा कर रही है। सपा चुनाव आयोग और पुलिस से इसकी शिकायत कर रही है। भाजपा सरकार के विकास संबंधी विज्ञापन झूठे हैं। भाजपा सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाली पार्टी है। इसने विज्ञापन में बंगाल का ओवर ब्रिज, अमेरिका की फैक्ट्री और चीन का बीजिंग एयरपोर्ट दिखा दिया। भाजपा जनता की आंख में धूल झोंकने का काम करती है।

इस अवसर पर अखिलेश ने सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता भानु प्रताप सिंह की पुस्तक ‘अंबेडकरवादी लोहियावादी नए कृषि कानून का सच‘ का विमोचन किया। किसान आंदोलन में शामिल रहे भानु प्रताप सिंह ने अपनी पार्टी राष्ट्रीय जन संघर्ष पार्टी का सपा से गठबंधन करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा देश संकट में है। भाजपा सरकार को हटाने के लिए बिना शर्त सपा को समर्थन दिया है।





रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान