सिसोदिया ने संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में लगे ऑक्सीजन प्लांट का जायजा लिया

पब्लिक एशिया ब्यूरो | विशेष संवाददाता
Updated: 04 May 2021 , 20:27:52 PM
  • Share With



नयी दिल्ली,/दिल्ली के उप मुख्यमंत्री ने आज मंगोलपुरी स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल का दौरा करके वहां स्वास्थ्य सुविधाओं और अस्पताल में लगाए गए ऑक्सीजन प्लांट का जायज़ा लिया।

 सिसोदिया ने अस्पताल के कोविड वार्ड जाकर मरीजों का हाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को मरीजों को बेहतर सुविधा मुहैया करवाने के निर्देश भी दिए। फ़्रांस से मँगवाकर लगाया गया ऑक्सीजन प्लांट शुरू हो गया है। इस प्लांट से प्रतिदिन 80-100 बड़े सिलेंडर रिफिल किए जाएंगे जिसकी वजह से सामान्य ऑक्सीजन बेड के साथ-साथ आईसीयू बेड्स को ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा सकेगी। संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल में 300 बेड की क्षमता है जिसमें 118 कोविड बेड है।

उप मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही कॉमनवेल्थ गेम्स विलेज में स्थित कोविड केअर सेंटर का दौरा कर वहाँ की स्थिति और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस केंद्र में उप मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से बातचीत कर व्यवस्था का जायजा लिया। वर्तमान में ऑक्सीजन की कम आपूर्ति के हालात को देखते हुए इस केंद्र में ऑक्सीजन प्लांट लगाया गया है। इस कोविड केअर सेंटर की क्षमता 500 बेड्स की है लेकिन ऑक्सीजन की कमी के कारण यहां बेड्स खाली है। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि जैसे ही ऑक्सीजन की आपूर्ति नियमित हो जाएगी इस सेंटर को पूरी क्षमता के साथ चलाया जाएगा।
 सिसोदिया ने कहा, “हमारे डॉक्टर और सभी मेडिकल स्टाफ अपनी जान की परवाह किए बगैर दिन-रात लोगों की जान बचा रहे है, हमें उन पर गर्व है। हम उनके जज़्बे को सलाम करते हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा की ये युद्धकाल है। और इससे लड़ने के लिए दिल्ली सरकार युद्ध स्तर पर काम कर रही है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि

हमें कोरोना से साथ मिलकर लड़ना है। उन्होंने लोगों लॉकडाउन के नियमों का पालन करने की अपील की।”

उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के साथ रामलीला मैदान में बन रहे 500 बेड के आईसीयू सेंटर का भी जायज़ा लिया। रामलीला मैदान में आईसीयू सेंटर बनाने का काम युद्ध स्तर पर जारी है। अगले एक सप्ताह के भीतर इस सेंटर की शुरुआत की जा सकती है।





रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान