हम जनता का विश्‍वास जीतने में सफल रहे, इन चुनावों के नतीजों ने खींचा 2024 का खाका:पीएम मोदी

swati verma | public asia
Updated: 10 Mar 2022 , 21:22:45 PM
  • Share With



नई दिल्‍ली। विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन के बाद नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्‍यालय में जश्‍न मनाया गया। प्रधानमंत्री मोदी (Narendra Modi) गुरुवार शाम को बीजेपी के राष्‍ट्रीय मुख्यालय (BJP Headquaters) का दौरा किया। पीएम मोदी ने चार राज्‍यों में दमदार प्रदर्शन के लिए भाजपा के कार्यकर्ताओं की सराहना की। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर करारा हमला बोला। साथ ही यूक्रेन संकट का भी जिक्र किया। जानें पीएम ने क्‍या बातें कहीIपीएम मोदी ने अपने संबोधन में युक्रेन युद्ध का भी जिक्र किया। उन्‍होंने कहा कि इस युद्ध का असर हर देश पर पड़ रहा है। जो देश युद्ध लड़ रहे हैं उनसे किसी न किसी तरके से नाता है। इसकी वजह से पूरी दुनिया में तेल की कीमतें और महंगाई बढ़ रही है। विकासशील देशों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत शांति के पक्ष में हैं। बातचीत से हर समस्या को सुलझाने के पक्ष में हैं।

उन्‍हें देश की संस्‍थाओं पर भरोसा नहीं

पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज हम देख रहे हैं जो निष्पक्ष संस्थाएं भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करती हैं। ये लोग उन संस्थाओं को ही बदनाम करने लगते हैं। यह देश का दुर्भाग्य है कि घोटालों से घिरे लोग एकजुट होकर देश की निष्‍पक्ष संस्थाओं पर दबाव बनाने लगे हैं। इन्हें देश की न्यायपालिका पर भरोसा नहीं है। पहले हजारों करोड़ का भ्रष्टाचार करो फिर जांच भी ना होने दो यह उन लोगों (विपक्ष) की प्रवृत्ति बन गई है।

परिवारवादी राजनीति का होगा सूर्यास्त

पीएम मोदी ने कहा कि मैंने इन चुनावों में लगातार हर विषय पर भाजपा के विजन को लोगों के सामने रखा है। मैंने घोर परिवारवाद पर चिंता जताई थी। मेरी किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। मैं केवल लोकतंत्र की चिंता करता हूं। मैं बता देना चाहता हूं कि एक दिन ऐसा आएगा जब भारत के लोग परिवारवादी राजनीति का सूर्यास्त कर देंगे। इस चुनावों में देश के मतदाताओं ने भविष्‍य का खाका खींच दिया है।

विपक्ष पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार के बजट पर नजर डालें तो एक यकीन पैदा होता है कि देश आत्मनिर्भरता के रास्‍ते पर आगे बढ़ रहा है। इस बार के बजट से इस भावना को ऊर्जा मिली है। विपक्ष पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वैक्सीनेशन के हमारे प्रयासों पर सवाल उठाए गए जबकि दुनिया हमारी तारीफ कर रही थी। दुर्भाग्य है कि जब यूक्रेन में हजारों भारतीय फंसे थे तब भी राष्‍ट्र के मनोबल को तोड़ने की बातें की जा रही थीं।

भाजपा कार्यकर्ता अलगाववादी राजनीति से रखेंगे सतर्क

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं पंजाब के भाजपा कार्यकर्ताओं की भी तारीफ करता हूं जिन्‍होंने विपरीत परिस्थितियों में पार्टी का झंडा बुलंद किए रखा है। हमारे पार्टी कार्यकर्ता आने वाले समय में पंजाब में भाजपा की और देश की मजबूती को बनाए रखेंगे। भाजपा कार्यकर्ता पंजाब को अलगाववादी राजनीति से सतर्क रखने के कार्य को जान की बाजी लगाकर करते रहेंगे। यह विश्‍वास मैं पंजाब की जनता को देना चाहता हूं।

यूपी ने विकासवाद की राजनीति को चुना

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये चुनाव ऐसे वक्‍त में हुए जब दुनिया कोरोना जैसी महामारी का सामना कर रही थी। उत्तराखंड में भी भाजपा ने नया इतिहास रचा है। उत्‍तराखंड में पहली बार कोई पार्टी लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है। कुछ लोग यूपी को बदनाम करते हैं कि यहां के चुनाव में तो जाति ही चलती है। हमने साल 2014 के चुनाव नतीजे देखें, 2017, 2019 के नतीजे देखें और अब फिर 2022 में भी देख रहे हैं। इन सभी चुनावों में उत्‍तर प्रदेश के लोगों ने विकासवाद की राजनीति को ही चुना है।

नतीजों ने साल 2024 का खाका खींचा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन चुनावों के नतीजों ने साल 2024 का खाका खींच दिया है। साल 2019 के चुनाव नतीजों के बाद कुछ जानकारों ने कहा था कि साल 2017 के नतीजों ने 2019 के नतीजे तय कर दिए। मैं मानता हूं इस बार वो कहेंगे कि साल 2022 के नतीजों ने 2024 के नतीजे तय कर दिए हैं।

टूट गए सारे मिथ और रिकार्ड 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा का वोट शेयर मणिपुर, उत्तर प्रदेश और गोवा में सत्ता में रहने के बावजूद भी बढ़ा है। गोवा में सभी एग्जिट पोल गलत साबित हुए हैं। गोवा के लोगों ने हमें लगातार तीसरी बार सेवा करने का मौका दिया है। अपने इतिहास में यूपी ने देश को कई प्रधानमंत्री दिए हैं लेकिन पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले मुख्यमंत्री के दोबारा चुने जाने का यह पहला वाकया है। यूपी में 37 साल बाद कोई सरकार लगातार दूसरी बार आई है।

कार्यकर्ताओं ने पूरा किया अपना वादा

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी माताओं, बहनों और युवाओं ने जिस तरह से भाजपा का समर्थन किया है वह अपने आप में बहुत बड़ा है। चुनाव अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुझसे वादा किया था कि इस बार होली 10 मार्च से ही शुरू हो जाएगी। हमारे कार्यकर्ताओं ने अपने वादे को पूरा करके दिखाया है। मैं अपने कार्यकर्ताओं की सराहना करता हूं जिन्होंने इन चुनावों में कड़ी मेहनत की है।





रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान