हो सकता है सपा 400 सीटें जीते: अखिलेश

पब्लिक एशिया ब्यूरो | विशेष संवाददाता
Updated: 05 Aug 2021 , 19:24:40 PM
  • Share With



लखनऊ   समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रति बढ़ते जनाक्रोश को देखकर लगता है कि उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी 400 सीटों पर जीत हासिल करे।

पार्टी मुख्यालय से जनेश्वर मिश्र पार्क तक साइकिल यात्रा निकालने से पहले  यादव ने गुरूवार को पत्रकारों से कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर नाकाम रही है। जनता में भाजपा सरकार से बहुत नाराजगी है। भाजपा को इस बार प्रत्याशी ढ़ूंढे नहीं मिलेंगे। जनता में इतनी नाराजगी है कि हो सकता है सपा 350 के बजाए 400 सीटें जीत जाए।

उन्होंने कहा कि जनता को कंफ्यूज करते-करते भाजपा खुद कंफ्यूज हो चुकी है। तभी अपनी पार्टी में अपराधियों का स्वागत कर रही है और जिस जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया था उसी के जासूसी कर रही है।

 यादव ने कहा जनेश्वर मिश्र पार्टी के संस्थापक सदस्य थे। आज उनके जन्मदिवस पर समाजवादी पार्टी मंहगाई, बेरोजगारी और कृषि के नए कानूनों के विरूद्ध सड़क पर उतरी है। उन्होने कहा कि सपा पर जब संकट आता था तब जनेश्वर मिश्र बड़ी ही मजबूती से पार्टी के साथ खड़े हो जाते थे। उन्होंने जनेश्वर मिश्र पार्क में मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनको श्रद्धासुमन अर्पित की।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार विज्ञापनों में नम्बर वन है, वह कुपोषण, गंगा किनारे लाशों को लकड़ी न देने में, गंगा में लाश बहाने में, दफन लाशों का कफन उतारने में, चिताओं को जलाने में नम्बर वन है। रेत में लाशें दबाने में, दवा की कालाबाजारी में, बिना इलाज मौते होने में नम्बर वन है। युवाओं का भविष्य बर्बाद करने में, महिलाओं की असुरक्षा में, फर्जी एनकाउण्टरों में, हिरासत में मौतों के मामले में नम्बर वन है। शिक्षक, अभ्यर्थियों, को पीटने में नम्बर वन, 16 सौ शिक्षकों को मौत के मुहाने में भेजने में नम्बर वन है। माननीय न्यायालय के आदेश न मानने में नम्बर वन है। अस्पतालों में बेड न दे पाने, ऑक्सीजन की कालाबाजारी में नम्बर वन है भाजपा ने किसानों से झूठे वादे किए कि उनकी आय दुगनी हो जाएगी। अपने वादों से पलटने में नम्बर वन है।

 यादव ने कहा कि भाजपा ने जनता के हित में कोई काम नहीं किया। अब चुनाव आ रहा है तो वह पिछड़ों, दलितों के सम्बंध में झूठी घोषणाएं कर रही है, पर अब कोई उस पर भरोसा नहीं करता है। भाजपा ने पूरे साढ़े चार साल बर्बाद कर दिये। जनता बेबस रही। उन्होंने कहा कि जिस तरह से मुख्यमंत्री जी को लैपटॉप नहीं चलाना आता है वैसे ही उन्हें डी.एन.ए. के बारे में भी कुछ पता नहीं होगा।

उन्होने कहा कि समाजवादी पार्टी के कामों के नाम बदल करके उद्घाटन कर रहे हैं, खुद कोई काम नहीं किया। भाजपा सरकार में समाज के हर वर्ग का उत्पीड़न हुआ है। मिर्जापुर में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपना मेनिफेस्टो (चुनाव घोषणा-पत्र) लागू कर दिया है जबकि अभी तक ऐसा कुछ नहीं किया है। वह ‘मनी फेस्टो‘ वाली पार्टी हो गई है। भाजपा में काम की संस्कृति ही नहीं है। वे समाजवादी पार्टी के कामों का ही उद्घाटन कर रहे है। हमारे छोड़े कामों का ही फीता काट रहे हैं।





रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान