केजरीवाल ने लांच किया देखो मेरी दिल्ली मोबाइल एप

संवाद सहयोगी | पब्लिक एशिया
Updated: 27 Sep 2021 , 20:32:57 PM
  • Share With



नयी दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर सोमवार को देश का पहला मोबाइल एप लांच किया जिसमें दिल्ली के पर्यटन से संबंधित सारी जानकारी मिल सकेगी।

केजरीवाल ने कहा कि आज दिल्ली दुनिया के उन चुनिंदा शहरों में शामिल हो गया है, जहां पर्यटन से संबंधित एक एप बनाया गया है। इसकी मदद से आप अपने आसपास स्थित ऐतिहासिक और मनोरंजन स्थलों आदि की जानकारी लेकर वहां जा सकते हैं। इससे दिल्ली की अर्थ व्यवस्था भी मजबूत होगी। इसके अलावा, बड़े पैमाने पर नौकरियां भी पैदा हो सकती हैं। मुख्यमंत्री ने सभी से एप डाउनलोड करने की अपील करते हुए कहा कि इसमें आपको इतनी चीजें मिलेंगी, जिन्हें आप दिल्ली में रह कर भी अभी तक नहीं देख पाए होंगे। एप को और अच्छा बनाने के लिए अपना सुझाव दें, ताकि दिल्ली के अंदर हर पर्यटक का अनुभव और बेहतर हो सके।

उन्होंने दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा विकसित ‘देखो मेरी दिल्ली’ एप लांच किया। इस दौरान दिल्ली के उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री मनीष सिसोदिया, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, समाज कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम, मुख्य सचिव विजय देव और पर्यटन विभाग के सचिव समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने विश्व पर्यटन दिवस पर सभी देशवासियों को बधाई देते हुए कहा, “दिल्ली के लोगों को आज इस एप को समर्पित किया जा रहा है। मैं समझता हूं कि सभी दिल्ली वासियों, देशवासियों और विश्व भर से जो लोग देश व दिल्ली में आते हैं, उनके लिए यह एप बहुत ही उपयोगी साबित होगा। दिल्ली एक ऐतिहासिक शहर है और दिल्ली एक आधुनिक शहर भी है। दिल्ली में अगर कोई इस देश के इतिहास को पढ़ना चाहता है, समझना चाहता है, तो दिल्ली आए बिना उसका काम नहीं चलेगा। वहीं, अगर कोई इस देश की सबसे आधुनिक चीजों को देखना चाहता है, तो उसे भी दिल्ली आना पड़ेगा। दिल्ली में खाने की शानदार जगहें हैं, दिल्ली में मनोरंजन की ढेर सारी चीजें हैं, दिल्ली में ऐतिहासिक स्थल हैं, दिल्ली में सारी चीजें हैं। अब तक बस एक चीज की कमी थी, वह थी जानकारी (सूचना) की। उस कमी को यह एप पूरी करेगा। सारी सूचनाएं, एक जगह एकत्रित और व्यवस्थित तरीके से मिल जाए, इस चीज की कमी थी, जो अब इस एप से पूरी हो गई है।”

उन्होंने कहा कि इस एप को बहुत ही अच्छे और यूजर फ्रैंडली तरीके से डिजाइन किया गया है। इस एप में यह है कि आप दिल्ली में जहां बैठे हैं और अगर आपको अपने पाँच किलोमीटर के दायरे के अंदर यह देखना है कि कौन-कौन सी ऐतिहासिक स्थल हैं, कौन-कौन से मनोरंज स्थल हैं, कौन-कौन से पार्क हैं, उसे आप अभी तुरंत इस एप पर देख सकते हैं। मैं समझता हूं कि पर्यटकों के लिए यह उपयोगी तो होगा ही, यह दिल्ली वालों के लिए भी बहुत ज्यादा उपयोगी होगा। हम दिल्ली में कहीं जाते हैं और हमारी मीटिंग दो घंटे बाद है। हम दो घंटे खाली रहते हैं, तो कई बार यह समझ नहीं आता है कि यह दो घंटे का समय कैसे बिताएं? अब आप यह एप खोल कर देख सकते हैं और आपको इस एप से पता चल जाएगा कि आपके आसपास क्या-क्या चीेजें हैं? कौन-कौन अच्छी खाने की चीजें हैं, कौन-कौन से मनोरंज के स्थल आदि हैं। आप अपने दो घंटे का समय कैसे उपयोगी तरीके से बिता सकते हैं, वह समझ में आ जाएगा। इसी तरह, आप टूर का प्लान कर सकते हैं।

 केजरीवाल ने कहा कि हमारे देश में अभी कोई ऐसा शहर या राज्य नहीं है, जहां पर इस किस्म का एप बना है, लेकिन कुछ विकसित देश होंगे, जहां इस किस्म के एप आपको मिल सकते हैं। शायद दिल्ली आज दुनिया के उन चुनिंदा शहरों में शामिल होने जा रहा है, जहां इस किस्म के पर्यटन से संबंधित एक एप बनाया गया है, जो सबके लिए उपयोगी साबित होने वाला है। मैं समझता हूं कि इससे पर्यटन के क्षेत्र में बहुत ज्यादा प्रभाव होगा। पर्यटन एक ऐसा सेक्टर है, जिसमें बढ़ोतरी के कुछ प्रतिशत नहीं, बल्कि कई गुना संभावनाएं हैं। हम पर्यटन को कई गुना बढ़ा सकते हैं।

उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री मनीष सिसोदिया ने सभी को विश्व पर्यटन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दुनिया भर में पर्यटन का एक अलग फ्लेवर है। मेरा मानना है कि पर्यटन का फ्लेवर खुशहाली से जुड़ा हुआ है। पर्यटन अच्छा चलता है, तो खुशहाली है और खुशहाली है तो पर्यटन अच्छा चलता है। दोनों ही एक-दूसरे के पूरक हैं। जब हम विश्व पर्यटन दिवस मनाते हैं, तो एक तरह से खुशहाली का दिवस मनाते हैं। जब इस एप को ‘देखो मेरी दिल्ली’ नाम दिया गया, तो ऐसा लगा जैसे हम पूरे देश और पूरी दुनिया के लिए एक निमंत्रण पत्र बना रहे हैं। हमारे लिए यह एप नहीं है, हमारी तरफ से यह एक निमंत्रण है कि आइए और देखिए हमारी दिल्ली को। हम चाहते हैं कि आप आएं और हमारी दिल्ली को देंखे। हम आपके हाथ में एक एप नहीं भेज रहे हैं, बल्कि आप जब इस एप को डाउनलोड कर रहे हैं, तो एक तरह से आप हमारा निमंत्रण पत्र का कार्ड डाउनलोड कर रहे हैं। मैं दिल्ली की तरफ से सारी दुनिया को यह निमंत्रण सौंपते हुए बहुत खुश हो रहा हूं।






रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान