यमुना के बढ़ते जलस्तर ने तोड़ा 45 साल का रिकॉर्ड , 208.62 मीटर तक पहुंचा

public asia | पब्लिक एशिया ब्यूरो
Updated: 13 Jul 2023 , 18:58:32 PM
  • Share With



 राष्ट्रीय राजधानी में यमुना के बढ़ते जलस्तर 45 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और गुरुवार अपराह्न एक बजे तक जलस्तर 208.62 मीटर तक पहुंच गया।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यमुना का जलस्तर बढ़ने के बाद यहाँ के सभी स्कूलों-कॉलेजों और विश्विद्यालयों के साथ दिल्ली सरकार के सभी कार्यालयों को रविवार तक के लिए बंद करने का आदेश दिया है।

उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना की अध्यक्षता में आज डीडीएमए की बैठक में यमुना में बढ़ते जल स्तर को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। श्री केजरीवाल ने निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि यमुना का जल स्तर अभी बढने की संभावना है इसलिए आवश्यक सेवाओं को छोड़कर दिल्ली सरकार के सभी कार्यालयों को रविवार तक बंद करने का आदेश दिया गया है। सभी कर्मचारी रविवार तक घर से ही काम करेंगे। प्राइवेट संस्थानों को भी एडवाइजरी जारी कर अधिक से अधिक वर्क फ्राम होम करने की अपील की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को बंद करना पड़ा है। इससे 25 फीसद पानी का प्रोडक्शन कम हो गया है। दिल्ली सरकार पानी की राशनिंग कर रही है।

केजरीवाल ने कहा कि यमुना का जल स्तर लगातार बढ़ने की वजह से नदी के आसपास की सड़कों पर पानी आ गया है। उन्होंने कहा कि यमुना का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। अब यह सुबह के 208.46 से बढ़कर अपराह्न एक बजे तक 208.62 मीटर पर पहुँच गया है। बढ़ते हुए जल स्तर के कारण, यमुना के आस पास की सड़कों पर आ गया है। आपसे अनुरोध है कि इन रास्तों पर न जायें।”
उन्होंने कहा, “जिन आबादी वाले इलाक़ों में पानी भरा है, वहाँ से लोगों को हटा रहे हैं। वहाँ रहने वालों से अनुरोध है कि प्रशासन का सहयोग करें। लोगों की जान बचाना सबसे ज़रूरी है। सभी दिल्ली वालों से अपील है कि इस आपातकाल स्थिति में एक दूसरे का हर संभव सहयोग करें।”

यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से इस समय तीन मीटर ऊपर है। जिससे मजनूटीला, चंदगीराम अखाड़े, कश्मीरी गेट, यमुना बाजार, निगम बोध घाट, गीता कालोनी श्मशान घाट, लालकिले की पीछे के क्षेत्र, राजघाट, आईटीओ और मयूर बिहार के इलाके में पानी भर गया है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के कर्मचारी जगह जगह मिट्टी से भरी बोरियां लगा रहे है ताकि पानी ज्यादा आगे न आ सके।

उल्लेखनीय है कि केजरीवाल ने यमुना में बढ़े जलस्तर के मद्देनज़र अधिकारियों के साथ कल आपात बैठक के बाद पत्रकारों से कहा था कि यमुना में जलस्तर बढ़ता जा रहा है और दिल्ली में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। दिल्ली में यमुना का खतरनाक स्तर 205.33 मीटर है जबकि इस वक्त दिल्ली में यमुना का जल स्तर खतरे के निशान से तीन मीटर से ऊपर पहुंच गया है। इससे पहले 1978 में यमुना का अधिकतम जल स्तर 207.49 मीटर पहुंचा था, उस समय दिल्ली में बाढ़ आई थी। दिल्ली का 45 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया है और यमुना का जल स्तर इससे भी आगे पहुंच चुका है।





रिलेटेड न्यूज़

टेक ज्ञान